सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) सितंबर 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। देश के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इस परीक्षा के लिए आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी रिजल्ट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना फॉर्म भर लें।
महत्वपूर्ण तिथियां और परीक्षा कार्यक्रम
CBSE द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, CTET सितंबर 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 10 जून 2026 तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूरा कर सकते हैं और इसी तारीख तक आवेदन शुल्क का भुगतान भी किया जा सकता है। यदि फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसके सुधार के लिए सुधार विंडो (Correction Window) 15 जून से 18 जून 2026 तक खुली रहेगी। बोर्ड द्वारा परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर 2026 को किया जाएगा, जिसके लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से दो दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे। इस परीक्षा का परिणाम अक्टूबर 2026 में घोषित होने की संभावना है।
आवेदन शुल्क का विवरण –
इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क उनकी श्रेणी और चुने गए पेपर के आधार पर तय किया गया है। सामान्य (General), ओबीसी (OBC) और ईडब्ल्यूएहस (EWS) श्रेणी के उम्मीदवारों को किसी एक पेपर (प्राइमरी या जूनियर) के लिए 1000 रुपये और दोनों पेपरों (प्राइमरी और जूनियर दोनों) के लिए 1200 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PH) श्रेणी के आवेदकों के लिए एक पेपर का शुल्क 500 रुपये और दोनों पेपरों के लिए शुल्क 600 रुपये रखा गया है। उम्मीदवार इस शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या ई-चालान के माध्यम से कर सकते हैं।
पात्रता और शैक्षणिक योग्यता (Eligibility Criteria) –
CTET परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाती है, जिसके लिए अलग-अलग योग्यताएं निर्धारित हैं:
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5): इसके लिए उम्मीदवार का न्यूनतम 50% अंकों के साथ सीनियर सेकेंडरी (12वीं) पास होना और साथ ही 2 वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed) के अंतिम वर्ष में होना या पास होना आवश्यक है। इसके अलावा 4 वर्षीय बी.एल.एड (B.El.Ed) या 2 वर्षीय विशेष शिक्षा डिप्लोमा वाले उम्मीदवार भी इसके लिए पात्र हैं।
जूनियर स्तर (कक्षा 6 से 8): इस स्तर के लिए उम्मीदवार के पास स्नातक (Graduation) की डिग्री होनी चाहिए और साथ ही 2 वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन होना चाहिए। इसके अतिरिक्त न्यूनतम 50% अंकों के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर (Post-Graduation) और बीएड (B.Ed) उत्तीर्ण या अपीयरिंग उम्मीदवार भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। चार वर्षीय बी.ए/बी.एससी.एड या बीएड (विशेष शिक्षा) करने वाले अभ्यर्थी भी इसके योग्य माने जाएंगे।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर परीक्षा शहर –
इस बार सीबीएसई ने परीक्षा केंद्रों के आवंटन को लेकर एक महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किया है। हर शहर में परीक्षा केंद्रों की सीटें सीमित रखी गई हैं, जिन्हें उम्मीदवार फॉर्म भरते समय लाइव देख सकते हैं। जो उम्मीदवार अपने नजदीकी शहर या पसंदीदा स्थान पर परीक्षा देना चाहते हैं, उन्हें जल्द से जल्द आवेदन करना होगा। यदि किसी शहर की सीटें फुल हो जाती हैं, तो उम्मीदवारों को दूसरा विकल्प चुनना पड़ेगा।
आवेदन कैसे करें –
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता, पहचान पत्र और पते से संबंधित सभी बुनियादी विवरण ध्यानपूर्वक भरने होंगे। फॉर्म भरने के साथ ही उम्मीदवार को अपनी पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर को स्कैन करके अपलोड करना होगा। फॉर्म को फाइनल सबमिट करने से पहले पूरे विवरण का पूर्वावलोकन (Preview) जरूर कर लें और अंत में आवेदन शुल्क का भुगतान कर अंतिम रूप से जमा किए गए फॉर्म का एक प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रख लें।