RRB Group D Exam 2025 : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ग्रुप डी की परीक्षा का आयोजन 27 और 28 नवंबर को हुआ। हालांकि अभी परीक्षा का आयोजन अन्य तिथियों में होना बाकी है। इसी दौरान पेपर लीक की अफवाहें सामने आई। वहीं अब ‘तकनीकी खामियों’ (Technical Glitches) ने भी अभ्यर्थियों की मुसीबत को बढ़ा दिया है। जानकारी के लिए बता दें कि देश भर के कई परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने सर्वर डाउन होने के साथ ही कंप्यूटर सिस्टम हैंग होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परीक्षा केंद्रों से पेपर देकर बाहर निकले कई अभ्यर्थियों के चेहरों पर निराशा और गुस्से के भाव साफ देखे गए।
RRB Group D Exam में सिस्टम बंद, लेकिन घड़ी चलती रही –
आरआरबी ग्रुप डी के पहले और दूसरे दिन के पेपर के बीच कई सेंटर्स पर अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि परीक्षा के बीच में ही अचानक सर्वर का कनेक्शन टूट गया। वहीं इस परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों का दावा है कि लॉग-इन करने में ही काफी समय बर्बाद हो गया। इतना ही नहीं कुछ स्टूडेंट्स का तो यह भी कहना था कि माउस (Mouse) ही ठीक से काम नहीं कर रहा था। वहीं सबसे बड़ी चिंता तो अभ्यर्थियों के लिए वह थी कि भले ही कई टेक्निकल इश्यू हुए हों, लेकिन घड़ी चलना बंद नहीं हुई। यानी कि टेक्निकल इश्यू के चलते उनका काफी समय बर्बाद हुआ।
क्या है RRB Group D Exam पर आरोपों के पीछे का सच –
रेलवे की इस परीक्षा में टेक्निकल इश्यू के इन दावों को लेकर अभी तक पूरी तरह स्थिति का स्पष्ट होना बाकी है। आपको यह भी बता दें कि अभी तक आधिकारिक रूप से ऐसी कोई जानकारी स्पष्ट नहीं हुई है। यानी रेलवे या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी ने अभी तक किसी भी सेंटर पर बड़े पैमाने पर (Mass Failure) सर्वर ठप होने की पुष्टि नहीं की है।
परीक्षा (RRB Group D) के आयोजन की तिथियां –
RRB ग्रुप डी की इस भर्ती परीक्षा का आयोजन कई तिथियों में होना है। जानकारी के लिए बता दें कि यह आयोजन 27 नवंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक होगा। 27 नवंबर और 28 नवंबर की परीक्षाओं का आयोजन संपन्न हो चुका है। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पहले ही आ गया था। ऐसे में अन्य तिथियों के लिए भी एडमिट कार्ड पेपर से 4 दिन पहले आने की संभावना है।